जलालपुर, अंबेडकर नगर। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या के तत्वावधान में बाबा बरुआ दास पीजी कॉलेज, परुइया आश्रम में आयोजित दो दिवसीय अंतरमहाविद्यालयीय पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। फाइनल में देव इंद्रावती पीजी कॉलेज ने विश्वविद्यालय आवासीय परिसर की टीम को 25-22, 20-25 और निर्णायक सेट में 15-12 से हराकर विजेता ट्रॉफी व स्वर्ण पदक अपने नाम किया। विश्वविद्यालय आवासीय परिसर की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में देव इंद्रावती पीजी कॉलेज ने बीएनकेबी पीजी कॉलेज को, जबकि विश्वविद्यालय आवासीय परिसर ने केएनआई सुल्तानपुर को हराकर फाइनल में जगह बनाई।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा के संकुल सहसंयोजक डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी और विशिष्ट अतिथि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी अजय कुमार सिंह रहे। महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक पूज्य महंत देवेंद्र दास एवं प्राचार्य प्रो. परेश कुमार पांडेय ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को जीवन में महत्वपूर्ण बताया।