अम्बेडकर नगर। विकास खंड कटेहरी की ग्राम पंचायत मरथुआ सरैया में परिवार रजिस्टर में नाम दर्ज करने को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने ब्लॉक के अधिकारियों व कर्मचारियों पर मनमानी के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि खुले विरोध के बावजूद बाहरी व्यक्ति का नाम दोबारा परिवार रजिस्टर में दर्ज कर दिया गया, जिससे गांव में आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार बिहार निवासी नंदलाल का नाम पहले कथित रूप से गलत तरीके से परिवार रजिस्टर में दर्ज किया गया था, जिसे बाद में काट दिया गया था। अब दोबारा नाम जोड़े जाने की प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं। छह जनवरी 2026 को हुई खुली बैठक में मौजूद 12 सदस्यों व ग्रामीणों ने नाम जोड़ने और किसी भी प्रकार की सुविधा देने का विरोध किया था। आरोप है कि बैठक की कार्यवाही में विरोध दर्ज नहीं किया गया और बहुमत समर्थन दिखा दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति को पहले ही सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की कोशिश हुई और अब उसे आवासीय पट्टा देने की तैयारी चल रही है। मामले को लेकर ग्रामवासियों ने डीएम से शिकायत की है, लेकिन अब तक कार्रवाई न होने से नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द जांच व कार्रवाई न हुई तो कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं अधिकारी पूरे मामले की जांच की बात कह रहे हैं।