अयोध्या। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के बैनर तले सोमवार को सिविल लाइन स्थित तिकोनिया पार्क में किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष अरविंद यादव के नेतृत्व में सैकड़ों किसान बैठक के बाद सड़कों पर उतरे और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि अयोध्या के जयसिंहपुर मांझा बरहटा, बागविजेसी सहित आसपास के कई गांवों में उत्तर रेलवे द्वारा बाईपास लाइन निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है। इससे किसानों की आजीविका पर गहरा संकट खड़ा हो गया है। न तो उन्हें उनकी जमीन का उचित बाजार मूल्य मिल रहा है और न ही पुनर्वास की कोई ठोस व्यवस्था की गई है। किसानों ने मांग रखी कि प्रभावित परिवारों को पूर्ण बाजार मूल्य पर मुआवजा, प्रत्येक प्रभावित परिवार के कम से कम दो सदस्यों को रेलवे में स्थाई नौकरी, जिनके घर-आंगन उजड़ रहे हैं उन्हें रेलवे कॉलोनी में पक्का मकान, और विस्थापित परिवारों के लिए जीवन यापन एवं रोजगार की गारंटी दी जाए। प्रदर्शनकारियों के अनुसार इन मांगों को लेकर मण्डलायुक्त के माध्यम से रेल मंत्री को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन में प्रदेश सचिव जगतपाल सिंह, मंडल महासचिव जिलाजीत वर्मा, महिला जिला अध्यक्ष सविता मौर्या, जिला महासचिव राम अभिलाख यादव, संगठन मंत्री सुष्मिता, सहित बड़ी संख्या में महिला और पुरुष किसान कार्यकर्ता मौजूद रहे।