अयोध्या । भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या इस वर्ष दीपोत्सव-2025 के आयोजन के साथ आस्था, श्रद्धा और संस्कृति का केन्द्र बनेगी। 19 अक्टूबर को सरयू तट पर लाखों दीपों से अयोध्या जगमगाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संरक्षण में यह आयोजन अब वैश्विक पहचान प्राप्त कर चुका है।
इस वर्ष अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद की पहल ‘एक दीया राम के नाम’ से देश-विदेश के श्रद्धालु ऑनलाइन जुड़ सकेंगे। जो भक्त अयोध्या न पहुंच सकें, वे www.divyaayodhya.com/bookdiyaprashad पर पंजीकरण कर अपनी श्रद्धा का दीप जला सकते हैं। इसका आध्यात्मिक प्रतिफल भक्तों तक पवित्र प्रसाद के रूप में भेजा जाएगा, जिसे उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की महिलाएं तैयार करेंगी।
अयोध्या केवल एक नगर नहीं बल्कि सनातन संस्कृति की आत्मा है। दीपोत्सव हर वर्ष छोटी दीपावली पर भक्ति, सौंदर्य और सांस्कृतिक एकता का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करता है। इसमें रामायण के प्रसंगों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, श्रद्धालुओं का संगम और मुख्यमंत्री सहित गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति होगी।
इस बार ‘एक दीया राम के नाम’ से दीपोत्सव देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर में अयोध्या की आस्था और संस्कृति का संदेश फैलाएगा। जब सरयू तट पर दीप प्रज्वलित होंगे, तो विश्वभर में रामनाम की ज्योति गूंजेगी।