अयोध्या । दीपोत्सव 2025 को भव्य और दिव्य रूप में संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह और नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार के साथ दीपोत्सव मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राम की पैड़ी, रामकथा पार्क, सरयू आरती स्थल और हेलीपैड सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों की तैयारियों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने राम की पैड़ी पर बने मंच, ड्रोन शो और लेजर शो की तैयारियों की जानकारी ली तथा आयोजन स्थल की सुरक्षा और सौंदर्य व्यवस्था की समीक्षा की। सरयू आरती स्थल पर चल रहे कार्यों को देखकर उन्होंने कहा कि रेलिंग को मजबूत किया जाए और आतिशबाजी स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुनिश्चित हो। रामकथा पार्क में की जा रही सजावट, प्रदर्शनी और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने साफ–सफाई और विद्युत केबलिंग दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव से पूर्व सभी प्रमुख स्थलों की व्यवस्था का पुनः परीक्षण कर लिया जाए ताकि कार्यक्रम में कोई असुविधा न हो।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने झुनकी घाट के पास मलिन बस्ती बेगमपुर, रामदास वार्ड, कन्धरपुर मोहल्ला, देवकाली वार्ड और बाल्दा कार्यालय नगर निगम का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त नागेन्द्र यादव, एएसपी अयोध्या, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (नगर), सीओ अयोध्या, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, रेजिडेंट मजिस्ट्रेट अयोध्या सहित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।