जलालपुर अंबेडकर नगर। साइबर अपराध से बचाव को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद लोग ठगों के जाल में फंसते जा रहे हैं। ताजा मामला जलालपुर कस्बे का है, जहां एक युवक से अज्ञात ठग ने रिश्तेदारी और बीमारी का बहाना बनाकर 55 हजार रुपये ठगा। संदेह होने पर जब पीड़ित ने वास्तविक परिचित से संपर्क किया, तब जाकर ठगी की भनक लगी। मामला जलालपुर कोतवाली में दर्ज कराया गया है।
कस्बा निवासी अमित कुमार के अनुसार, बीते दिनों उनके पिता के मोबाइल पर दिनेश जायसवाल नाम बताने वाले एक व्यक्ति का फोन आया। उसने स्वयं को रिश्तेदार बताते हुए बीमारी का हवाला दिया और आर्थिक सहायता की मांग की। पिता ने कॉल करने वाले को अमित का मोबाइल नंबर दे दिया। इसके बाद ठग ने खाते की जांच का बहाना बनाकर पहले 10 रुपये ट्रांसफर करवाए। इसके कुछ देर बाद 55 हजार रुपये के फर्जी मैसेज भेजकर भ्रमित किया।
पीड़ित के मुताबिक, ठग ने क्यूआर कोड और फोनपे नंबर भेजकर पहले 25 हजार और बाद में 30 हजार रुपये अलग-अलग खातों में भेजने को कहा। इसके बाद जब उसने दोबारा 45 हजार रुपये की मांग की तो अमित को संदेह हुआ। उन्होंने अपने वास्तविक व्यावसायिक परिचित दिनेश जायसवाल से बात की तो पता चला कि उन्होंने कोई कॉल नहीं किया और न ही किसी तरह की मदद मांगी। ठगी का एहसास होते ही अमित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और इसके बाद जलालपुर कोतवाली में लिखित प्रकरण देकर कार्रवाई की मांग की। इस मामले में कोतवाल ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद जांच की जा रही है।