◆ दो देशों की आस्था और विरासत को आधुनिक रेल संपर्क से जोड़ने की पहल, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और रेलमंत्री के प्रति जताया आभार
अयोध्या। अयोध्या से जनकपुर के बीच वंदे भारत ट्रेन का शुभारंभ दोनों देशों के धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को नई ऊंचाई देने वाला ऐतिहासिक कदम है। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर के बीच सदियों पुराना आध्यात्मिक रिश्ता अब आधुनिक रेल संपर्क के माध्यम से और प्रगाढ़ होगा। यह केवल एक रेल सेवा नहीं, बल्कि दो देशों की आस्था, संस्कृति और परंपराओं को जोड़ने वाला सेतु है। यह बातें अयोध्या के विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने ट्रेन के शुभारंभ कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान कहीं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह द्वारा वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाया जाना भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों की दृष्टि से महत्वपूर्ण अवसर है। इससे दोनों धार्मिक नगरों के बीच श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम होगा। धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
विधायक ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मुख्यमंत्री के प्रयासों से अयोध्या में रेल, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी का व्यापक विस्तार हुआ है। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण, अयोध्या कैंट स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार, महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण और रामपथ, धर्मपथ, भक्तिपथ जैसी परियोजनाओं ने नगर को नई पहचान दी है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या का विकास केवल धार्मिक पर्यटन तक सीमित नहीं है। बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय व्यापार, रोजगार और पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। जनकपुर वंदे भारत ट्रेन इस विकास यात्रा की एक महत्वपूर्ण कड़ी बनेगी। इससे अयोध्या और जनकपुर के बीच श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ेगी तथा दोनों देशों के आत्मीय संबंध और मजबूत होंगे।
विधायक ने रेलवे बोर्ड, उत्तर रेलवे एवं पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारियों, अयोध्या रेल प्रशासन, जिला प्रशासन और आयोजन में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने संत-महंतों और अयोध्यावासियों के सहयोग की सराहना करते हुए विकसित अयोध्या, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।