◆ यश म्यूजिकल ट्रस्ट द्वारा आयोजित कार्यक्रम में गीत-संगीत, नृत्य व श्रृंगार की रही धूम
अयोध्या। सावन की फुहारों संग सोमवार को हरियाली तीज का उत्सव पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक रंग में डूबा नजर आया। अवसर था यश म्यूजिकल ट्रस्ट द्वारा एक होटल में आयोजित हरियाली तीज महोत्सव 2025 का, जहां महिलाओं ने लोकगीत, नृत्य और पारंपरिक श्रृंगार के माध्यम से सावन का स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज लक्ष्मी त्रिपाठी (धर्मपत्नी महापौर अयोध्या) ने दीप प्रज्वलन व सरस्वती वंदना के साथ किया। विशिष्ट अतिथि संजू सिंह (मेयर, सहजनवा गोरखपुर) रहीं। निर्णायक की भूमिका सुनीता गुप्ता (फाउंडर, इंडी स्कूल ऑफ म्यूजिक, नोएडा) और लोक गायिका शिप्रा (लखनऊ) ने निभाई।
संस्था के सदस्यों द्वारा अतिथियों का स्वागत टीका, माल्यार्पण व बुके देकर किया गया। इसके पश्चात कार्यक्रम की शुरुआत लोकगीतों की प्रस्तुति से हुई, जिसमें कजरी, झूला और सावन मेलों के पारंपरिक गीतों पर महिलाओं ने ढोलक की थाप पर नृत्य कर समां बांध दिया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने बिखेरा रंग:
-
लोकगीत प्रतियोगिता में तोशी तिवारी ने “रघुवर झूल रहे अपनी उमंग में…” गीत से जीत हासिल की।
-
लोकनृत्य प्रतियोगिता में “चूड़ी जो खनकी हाथ में…” गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर पूजा उर्वशी ने डांस क्वीन का खिताब जीता।
-
बोतल गेम प्रतियोगिता में जानवी सिंह रहीं विजेता।
-
‘सुंदर सुंदरी’ का खिताब पुष्पा शर्मा को मिला।
-
‘ओल्ड इज गोल्ड’ अवार्ड बीना सिंह को प्रदान किया गया।


