अम्बेडकर नगर। थाना जहांगीरगंज क्षेत्र के रोशनपुर गांव निवासी सीआरपीएफ जवान जवाहिर यादव पुत्र महंत यादव की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। वह सीआरपीएफ की 54वीं बटालियन में श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर में तैनात थे और इन दिनों अवकाश पर घर आए हुए थे।
शनिवार को घर पर विद्युत करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आलापुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
रविवार को चौवड़ा घाट पर दिवंगत सीआरपीएफ जवान का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सीआरपीएफ के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी। अंतिम संस्कार के दौरान माहौल गमगीन रहा और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
थाना जहांगीरगंज पुलिस भी अंतिम यात्रा में शामिल हुई। पुलिसकर्मियों ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।