जैतपुर, अंबेडकर नगर। 33/11 विद्युत उपकेंद्र नेवादा में आयोजित एक दिवसीय मेगा कैंप में उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कैंप में कुल 26 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें बिजली बिल संशोधन, खराब मीटर बदलने तथा कनेक्शन ट्रांसफर कराने से संबंधित मामले प्रमुख रहे।
कैंप में चार शिकायतें पुराने मीटर बदलकर नए बिजली मीटर लगाने से संबंधित आईं। अम्बरपुर निवासी सिताबुल निशा ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी दुकान में लगा बिजली मीटर पिछले दो माह से खराब है, जिसके कारण रीडिंग नहीं हो पा रही और बिल जमा करने में परेशानी हो रही है। उन्होंने नया मीटर लगाने की मांग की।
नत्थूपुर खुर्द मिर्जापुर निवासी पवन कुमार ने अपने पिता सदरी प्रसाद के नाम पर चल रहे बिजली कनेक्शन को अपने नाम कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। वहीं मुंडेहरा निवासी देवमणि यादव ने बताया कि उनकी दोना-पत्तल की दुकान पहले चैनपुर में किराये के मकान में संचालित थी, जिसे अब मुंडेहरा में स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने बिजली कनेक्शन को चैनपुर से मुंडेहरा ट्रांसफर कराने की मांग की।
बिजली बिल संशोधन से संबंधित शिकायतें दर्ज कराने वालों में दौलताबाद निवासी चंद्रिका प्रसाद पाण्डेय, कोचपुर सेहरी निवासी भारती पत्नी रामकरन, जफ्फरपुर सुकरौली निवासी गुजराती पत्नी हरिलाल, अम्बरपुर निवासी रामलोचन तथा तिघरा पोस्ट रामगढ़ निवासी इन्द्रभान यादव समेत कई उपभोक्ता शामिल रहे।
मेगा कैंप में नेवादा विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ मुकेश कुमार, अवर अभियंता राकेश कुमार, टेक्नीशियन इंद्रेश कुमार यादव, सुनील सरोज, राजीव सिंह, कृष्ण कुमार तथा विभागीय कर्मचारी संदीप कुमार कश्यप मौजूद रहे। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया।
अवर अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि कैंप के दौरान करीब एक लाख रुपये की राजस्व वसूली भी की गई।