जलालपुर अंबेडकर नगर। पीएम पोषण योजना के तहत विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को रविवार को तहसील सभागार में आयोजित समारोह में कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित कर सम्मानित किया गया। इस दौरान लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। रसोइयों सहित मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री का संबोधन ध्यानपूर्वक सुना।
समारोह में पूर्व सांसद रितेश पांडे ने कहा कि प्रदेश सरकार रसोइयों के हितों को लेकर संवेदनशील है। बच्चों को विद्यालयों में प्रतिदिन पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की अहम भूमिका है। ऐसे में उन्हें कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की सराहनीय पहल है।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने रसोइयों को स्वयं चिकित्सा कार्ड वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। वक्ताओं ने कहा कि पीएम पोषण योजना के सफल संचालन में रसोइयों का योगदान महत्वपूर्ण है। ग्रामीण और दूरदराज के विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने से लेकर निर्धारित मानकों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने तक रसोइयां जिम्मेदारी निभा रही हैं।
अधिकारियों ने बताया कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने से बीमारी या आकस्मिक स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में रसोइयों और उनके परिवारों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम होगा। इससे उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिल सकेगी।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख त्रिभुवननाथ, उपजिलाधिकारी मधुमिता सिंह, खंड शिक्षाधिकारी मीनाक्षी सिंह, खंड विकास अधिकारी शैलेंद्र कुमार, राम प्रकाश यादव, संदीप अग्रहरि, अमरनाथ सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में रसोइयां मौजूद रहीं। अधिकारियों ने रसोइयों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।