अम्बेडकर नगर। लोक निर्माण विभाग की टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर जिले के ठेकेदारों का प्रदर्शन किया। ठेकेदारों ने विभागीय अधिकारियों पर मनमानी और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जोरदार विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन कर रहे ठेकेदारों का कहना है कि विभाग द्वारा टेंडर जारी करने के 15 दिन बाद अचानक एक नया नियम जोड़ दिया गया, जिससे कई पात्र ठेकेदार प्रक्रिया से बाहर हो गए। उनका आरोप है कि इस तरह बीच प्रक्रिया में नियम बदलना न केवल पारदर्शिता के खिलाफ है, बल्कि यह शासन की मंशा पर भी सवाल खड़े करता है।
ठेकेदारों ने कहा कि पूरे प्रदेश के किसी भी जिले में इस तरह का नियम लागू नहीं है, लेकिन यहां विशेष रूप से इसे जोड़ा गया है। इससे यह आशंका बलवती होती है कि कुछ चुनिंदा ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए अधिकारियों के साथ गठजोड़ किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि इस प्रकार की कार्यप्रणाली से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है।
प्रदर्शन के दौरान ठेकेदारों ने चेतावनी दी कि यदि टेंडर प्रक्रिया में संशोधन कर पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को जिलाधिकारी से मिलकर पूरे मामले की शिकायत करेंगे और निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे।