अंबेडकरनगर। सरयू नदी के उफान और तेज कटान से जूझ रहे कम्हरिया घाट के ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी का धरना-प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। कम्हरिया घाट पर अनिश्चितकालीन अनशन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने साफ कहा कि जब तक ग्रामीणों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक कांग्रेस कार्यकर्ता पीछे नहीं हटेंगे।
कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि जहांगीरगंज क्षेत्र के अंतर्गत सरयू नदी के बढ़ते पानी और किनारों के कटाव से कम्हरिया, इटौरा ढोलीपुर, माझा कम्हरिया सहित कई गांव संकट में हैं। करीब 250 घरों पर खतरा मंडरा रहा है और लगभग 4000 लोग विस्थापन के कगार पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन को बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीण लगातार प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन मिल रहे हैं। कांग्रेस पार्टी पीड़ितों की आवाज उठाने के लिए धरातल पर संघर्ष कर रही है और यह अनशन तब तक चलेगा जब तक ग्रामीणों को राहत नहीं मिलती।
अनशन स्थल पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी रही। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल एक राजनैतिक लड़ाई नहीं, बल्कि जनहित और जीवन रक्षा का संघर्ष है।
अनशन में प्रमुख रूप से जिला उपाध्यक्ष उदयभान मिश्र राजबहादुर, अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश सचिव मोहम्मद जियाउद्दीन अंसारी, शहबाज गांधी, मिसबाहुद्दीन अंसारी, कुलदीप उपाध्याय, राजीव गुप्ता, दीपक मिश्र, अशोक सत्यार्थी, दूधनाथ पाण्डेय, कपिल देव बारी, इरशाद अली, सैयद चमन मेंहदी जैदी, रविषेक यादव “नितिन”, वीरेंद्र प्रताप, नवीं रज़ा, फखरूद्दीन, कपिल देव वर्मा, अर्जुन यादव, विजय, सिकंदर यादव, उमाकांत यादव, प्रकाश निषाद, राम प्रकाश निषाद, संतोष निषाद, विजय पाल निषाद, प्रेम निषाद, जगरनाथ निषाद सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें:
-
कटान प्रभावित क्षेत्रों में तात्कालिक रोकथाम की कार्रवाई
-
स्थायी तटबंध निर्माण
-
विस्थापित परिवारों को मुआवजा और पुनर्वास सुविधा


