◆ शहजादपुर गांधी प्रतिमा पर कांग्रेसजनों का सत्याग्रह जारी
अंबेडकर नगर। लोकतंत्र की रक्षा और जनता की आवाज को बुलंद करने के उद्देश्य से शनिवार को अकबरपुर की पुरानी तहसील पर वोट चोर गद्दी छोड़ हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं जोनल प्रभारी राधवेंद्र प्रताप सिंह ने की।
राधवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट ही सर्वोच्च होता है। सत्ता में बने रहने के लिए वोट की चोरी करना लोकतंत्र की हत्या के समान है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने चुनाव आयोग द्वारा की जा रही अनियमितताओं और वोट चोरी का पर्दाफाश कर जनता की आवाज को मजबूती से उठाया है। उन्होंने आगे कहा कि मौजूदा सरकार में अपराधों में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है और जनहित की आवाज उठाने वालों को पुलिसिया कार्रवाई के जरिए दबाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फतेहपुर में दलित वाल्मीकि की हत्या के बाद उनके परिजनों से मिलने जा रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय को लखनऊ में गिरफ्तार कर सरकार ने लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि जब तक अजय राय को रिहा नहीं किया जाता, कांग्रेसजनों का सत्याग्रह गांधी प्रतिमा, शहजादपुर पर जारी रहेगा। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष अजय सिंह कप्तान, एआईसीसी सदस्य सैयद मेराजुद्दीन किछौछवी, रामकुमार पाल, सुनील मिश्रा, प्रदेश सचिव मोहम्मद अनीश खान, अमित जायसवाल, गुलाम रसूल छोटू, द्विजेंद्र नारायण शुक्ल, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव विशाल वर्मा, जिला अध्यक्ष हेमंत यादव सहित सैकड़ों कांग्रेसजन मौजूद रहे। इस अवसर पर राधवेंद्र प्रताप सिंह ने संगठन सृजन अभियान की समीक्षा बैठक भी की और कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीब, दलित, पीड़ित और शोषित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।