Monday, August 24, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याराष्ट्रगान प्रकरण में कांग्रेस ने नगर कोतवाली में दी तहरीर

राष्ट्रगान प्रकरण में कांग्रेस ने नगर कोतवाली में दी तहरीर


◆  वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच और दोष सिद्ध होने पर कार्रवाई की मांग


अयोध्या। उन्नाव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान से संबंधित वायरल वीडियो को लेकर अयोध्या कांग्रेस ने सोमवार को कमला नेहरू भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में नगर कोतवाल को एफआईआर दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाने की मांग की।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि राष्ट्रगान देश के सम्मान और गौरव का प्रतीक है। किसी व्यक्ति का पद कितना भी बड़ा हो, राष्ट्रगान के सम्मान से ऊपर कोई नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि जांच में कानून का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जानी चाहिए।

महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि राष्ट्रगान किसी राजनीतिक दल का विषय नहीं, बल्कि पूरे देश के सम्मान से जुड़ा मामला है। वायरल वीडियो ने कई सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और कार्यक्रम की अन्य रिकॉर्डिंग की जांच कर वास्तविक घटनाक्रम सामने लाया जाना चाहिए। इसी मांग को लेकर नगर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया है।

पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से जनता विशेष मर्यादा और जिम्मेदारी की अपेक्षा करती है। राष्ट्रगान से जुड़े मामले में निष्पक्ष जांच आवश्यक है। जांच में यदि कोई अपराध प्रमाणित होता है तो कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

जिला कांग्रेस प्रवक्ता शीतला पाठक ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य किसी व्यक्ति का व्यक्तिगत अपमान करना नहीं है। पार्टी चाहती है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच हो, घटनास्थल के सीसीटीवी और अन्य वीडियो फुटेज सुरक्षित किए जाएं तथा प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज कर वास्तविक तथ्य सामने लाए जाएं। उन्होंने कहा कि दोष सिद्ध होने पर संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जानी चाहिए।

इस दौरान पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा, व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष डॉ. विनोद गुप्ता, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मोहम्मद आमिर, खेलकूद प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विजय यादव, भीम शुक्ला, धर्मेंद्र फास्टर, अशोक राय, अहमद कुरैशी समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments