अम्बेडकर नगर। महरुआ थाना क्षेत्र के ग्राम मंधानी में गेहूं कटाई के दौरान कंबाइन मशीन चालक के साथ मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम पातीं मंशापुर निवासी अमित कुमार पुत्र अनिल वर्मा कंबाइन मशीन से गेहूं कटाई का कार्य करते हैं। बीते गुरुवार को वह ग्राम मंधानी में कटाई कर रहे थे और दिनभर में करीब 30 बीघा गेहूं काट चुके थे। शाम लगभग सात बजे गांव के ही मुत्रा सिंह उर्फ अमित सिंह अपने एक साथी के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल कटाई करने का दबाव बनाने लगे।
पीड़ित के मुताबिक, रात होने की बात कहकर अगले दिन काम करने को कहा गया तो आरोपित भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने कथित रूप से गला पकड़कर जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने दिनभर की कमाई करीब 45 हजार रुपये जबरन जेब से निकाल लिए और इसे गुंडा टैक्स बताते हुए धमकी भी दी। घटना के बाद वह भयभीत होकर थाने पहुंचा और लिखित शिकायत दी।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला मारपीट का प्रतीत हो रहा है। आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पीड़ित ने मामले में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।