अम्बेडकर नगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को जनपद के रामनगर विकासखंड स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गोविंद साहब पहुंचेंगे। यहां आयोजित जनसभा में वह 706.81 करोड़ रुपये लागत की 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रमाणपत्र भी वितरित करेंगे।
मुख्यमंत्री के हाथों 560.83 करोड़ रुपये की 158 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 145.98 करोड़ रुपये की 36 नई परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। इन योजनाओं से टांडा, आलापुर और जलालपुर विधानसभा क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, विद्युत, लोक निर्माण, पर्यटन और कौशल विकास से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।
टांडा विधानसभा क्षेत्र में 217.69 करोड़ रुपये की 69 परियोजनाएं, आलापुर में 312.18 करोड़ रुपये की 75 परियोजनाएं तथा जलालपुर में 176.93 करोड़ रुपये की 50 परियोजनाएं शामिल हैं। इनमें कई संपर्क मार्गों के निर्माण एवं पुनर्निर्माण, ग्रामीण बस्तियों को जोड़ने वाली सड़कों और अन्य आधारभूत विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। प्रशासन का प्रयास है कि कार्यक्रम सुरक्षित, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो।