अम्बेडकर नगर। जनपदवासियों को सस्ती और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में शुक्रवार को एक अहम पहल की गई। मुख्यमंत्री जनता सेवा का शुभारम्भ सदस्य विधान परिषद हरिओम पाण्डेय एवं विधायक कटहरी धर्मराज निषाद ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी ज्योत्सना बंधु सहित परिवहन निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शुभारम्भ कार्यक्रम अकबरपुर डिपो स्थित बस स्टेशन परिसर में आयोजित हुआ, जहां जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर कुल पांच बसों को रवाना किया। ये बसें जनपद के पांच प्रमुख मार्गों पर संचालित की जाएंगी। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री जनता सेवा बसों का किराया साधारण बसों की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत कम रखा गया है, जिससे आम यात्रियों को आर्थिक राहत मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के लोगों को किफायती, सुरक्षित और समयबद्ध परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री जनता सेवा के माध्यम से आमजन को सीधा लाभ मिलेगा और आवागमन और अधिक आसान होगा।