बसखारी अंबेडकर नगर। नागपंचमी के पर्व के अवसर पर कांवड़ में भरकर लायें गये पवित्र गंगाजल से कांवड़ियों ने अपने अपने क्षेत्र में स्थित शिवालयों में जलाभिषेक करते हुए पुजा आराधना कर मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की। इससे पूर्व रविवार की शाम तक अपने अपने क्षेत्रों में पहुंचे कांवड़ियों दल के लोगो ने भक्तिमय धुनों व बोल-बम के गगनभेदी नारों के बीच ऐतिहासिक शोभा यात्रा निकाल कर बाजार व कस्बों में भ्रमण किया।भ्रमण करते हुए हज़ारों की संख्या में कांवड़ियों दल जब नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा के बसखारी बाजार में पहुंचा तो कांवड़ियों के द्वारा निकाली गई ऐतिहासिक शोभा यात्रा पर चेयरमैन ओमकार गुप्ता के नेतृत्व में पुष्प वर्षा करते हुए स्वागत किया गया। कांवड़ियों के स्वागत एवं पुष्पवर्षा के लिए क्षेत्र में कई मंच बनाए गए थे। जिस पर पुष्प वर्षा के साथ जलपान व भोजन की भी व्यवस्था की गई थी। पुष्प वर्षा के दौरान मंच पर नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता के साथ नगर पंचायत के सभासद एवं काफी संख्या में संभ्रांत लोग मौजूद थे। चेयरमैन ओमकार गुप्ता के नेतृत्व में नगर पंचायत के द्वारा इस बार की गई व्यवस्था से कांवड़िया दल में शामिल शिवभक्त गदगद नजर आए।
