आलापुर अंबेडकर नगर। नगर पंचायत राजेसुल्तानपुर में चेयरमैन विनोद कुमार प्रजापति और भाजपा जिलाध्यक्ष त्र्यंबक तिवारी के बीच जारी तनातनी अब खुली राजनीतिक जंग का रूप ले चुकी है। दोनों ओर से आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है, जिससे आलापुर व राजेसुल्तानपुर क्षेत्र का सियासी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। चेयरमैन विनोद प्रजापति का आरोप है कि हाल ही में नगर पंचायत की एक बैठक के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष त्र्यंबक तिवारी ने उन्हें सदन से बाहर निकाल दिया और अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इस प्रकरण से नाराज चेयरमैन पक्ष ने शुक्रवार को जोरदार धरना-प्रदर्शन किया था।
उधर, भाजपा जिलाध्यक्ष समर्थकों ने शनिवार को पलटवार करते हुए उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी आलापुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चेयरमैन विनोद प्रजापति और उनके समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। भाजपाइयों का आरोप है कि चेयरमैन के कुछ समर्थक सोशल मीडिया पर जिलाध्यक्ष के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां कर संगठन की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि चेयरमैन के सहयोगी उमेश वर्मा पुत्र दयाराम वर्मा, निवासी ग्राम अल्लीपुर, ने फेसबुक पर आईडी बनाकर लगातार जिलाध्यक्ष पर अमर्यादित टिप्पणियां की हैं। इसको लेकर कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है। ज्ञापन सौंपने वालों में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं भूमि विकास बैंक निदेशक यमुना प्रसाद चतुर्वेदी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष दिनेश पांडेय, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अरविंद सिंह, पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, जिला महामंत्री सुरेश कनौजिया, भाजपा नेता श्यामनाथ शुक्ला, निवर्तमान मंडल अध्यक्ष अमित गिरी, मंडल अध्यक्ष विनय पांडेय, नीरज सोनी, अरविंद उपाध्याय, वीरेंद्र सिंह, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष विशाल सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष आनंद जायसवाल व भगवान पांडेय समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस पूरे घटनाक्रम से आलापुर व राजेसुल्तानपुर की राजनीति में खलबली मच गई है।