अयोध्या। कैंट थाना क्षेत्र स्थित सरयू नहर कॉलोनी में लिफ्ट सिंचाई खंड कार्यालय से कैशचेस्ट चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना रात के समय हुई, जहां चार नकाबपोश बदमाश कार्यालय में घुसकर कैशचेस्ट उखाड़ ले गए। पूरी वारदात कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लिफ्ट सिंचाई खंड में तैनात अवर अभियंता प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव की ओर से कैंट थाने में दी गई तहरीर में बताया गया है कि देर रात चार नकाबपोश व्यक्ति कार्यालय परिसर में पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने पहले चौकीदार से चाबी हासिल की और फिर कार्यालय के भीतर प्रवेश किया। इसके बाद कैशियर कक्ष में लगे कैशचेस्ट को खोदकर बाहर निकाला और चौकीदार की इलेक्ट्रिक स्कूटी पर लादकर फरार हो गए।
तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के कुछ समय बाद चौकीदार के भतीजे ने स्कूटी को वापस कार्यालय परिसर में खड़ा कर दिया। सुबह कार्यालय कर्मियों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो पूरी वारदात सामने आई।
कैंट थाना पुलिस ने अज्ञात चार नकाबपोश आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और चोरी गए कैशचेस्ट की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।