Thursday, October 15, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरजमीन पर कब्जे के विवाद में मारपीट के मामले में तीसरे दिन...

जमीन पर कब्जे के विवाद में मारपीट के मामले में तीसरे दिन दूसरे पक्ष की ओर से भी मुकदमा दर्ज


आलापुर, अंबेडकर नगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के केदरूपुर गांव में जमीन पर कब्जेदारी को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में नया मोड़ आ गया है। घटना के तीसरे दिन पुलिस ने दूसरे पक्ष की तहरीर पर भी पांच लोगों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और बलवा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इससे पहले रोशनी मिश्रा की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

रोशनी मिश्रा ने आरोप लगाया था कि हथियारों से लैस होकर पहुंचे लोगों ने उनकी बैनामा शुदा जमीन पर जबरन कब्जे का प्रयास किया। विरोध करने पर उनके पति प्रदीप मिश्रा के सिर पर रिवॉल्वर की बट से हमला किया गया। आरोप है कि दंपती को लात-घूंसों, डंडों और धारदार हथियारों से मारकर घायल कर दिया गया। मामले में फायरिंग की कोशिश का आरोप भी लगाया गया था।

वहीं, दूसरे पक्ष के प्रेमनाथ चतुर्वेदी निवासी जल्लापुर की तहरीर पर पुलिस ने घायल प्रदीप मिश्रा समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। रोशनी मिश्रा के मुताबिक, उन्होंने नौ दिसंबर 2019 को गाटा संख्या 432घ में एक बिस्वा आठ धुर जमीन का बैनामा कराया था। जमीन की दाखिल-खारिज होने के बाद से ही उनका कब्जा है। वहीं, प्रेमनाथ चतुर्वेदी भी उक्त गाटा संख्या की जमीन पर अपना दावा कर रहे हैं। उनका कहना है कि भूलवश खतौनी में उनका नाम दर्ज नहीं हो सका।

थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments