जलालपुर, अंबेडकर नगर। कटका थाना पुलिस ने सड़क दुर्घटना में मृत युवक के भाई की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि बीते 22 अप्रैल को गोरखपुर एक्सप्रेस-वे पर जैतपुर थाना क्षेत्र के अंबरपुर टोल प्लाजा के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई थी, जबकि उसके साथ मौजूद एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की थी।
जानकारी के अनुसार, थाना कटका क्षेत्र के महंगीपुर निवासी अखंड प्रताप सिंह (55) पुत्र राम मिलन तथा मोनू कुमार पुत्र राम प्रसाद निवासी दुधई थाना कटका, बाइक से अंबरपुर अपने घर जा रहे थे। मंगलवार रात करीब आठ बजे टोल प्लाजा के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद टोल प्लाजा पर तैनात पुलिसकर्मियों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भियांव पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अखंड प्रताप सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल मोनू कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। इस मामले में मृतक के भाई विजय प्रताप सिंह की तहरीर पर कटका पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।