जलालपुर अम्बेडकर नगर। अपनी बच्ची को कुत्ते के काटने की वैक्सीन लगवाने गए अधिवक्ता के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर के फार्मासिस्ट द्वारा दुर्व्यवहार, गाली-गलौज व धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी फार्मासिस्ट के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाली जलालपुर क्षेत्र के कांदीपुर निवासी अधिवक्ता अंजेश कुमार यादव ने बताया कि वह गुरुवार को अपनी पुत्री यशस्वी को कुत्ता काटने की वैक्सीन लगवाने सीएचसी नगपुर गए थे। वहां उनकी बेटी बेंच पर बैठी तो फार्मासिस्ट मनोज यादव ने आपत्ति जताते हुए कथित रूप से कहा कि इस बेंच पर मेरा कुत्ता बैठता है, तुम कैसे बैठ गई। अधिवक्ता के अनुसार, इस व्यवहार का विरोध करने पर फार्मासिस्ट ने उनका मोबाइल छीन लिया, गाली-गलौज की, धक्का देकर बाहर कर दिया और धमकी दी कि वीडियो दिखाया या शिकायत की तो जान से मरवा दूंगा। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर गाली-गलौज, धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, फार्मासिस्ट मनोज कुमार यादव का कहना है कि ऐसा कोई मामला नहीं हुआ है और आरोप बेबुनियाद हैं। उनका दावा है कि मामले को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है और यह किसी साजिश का हिस्सा है।