जलालपुर अंबेडकर नगर। सऊदी अरब के पवित्र शहर मदीना मुनव्वरा स्थित जन्नतुल बकी कब्रिस्तान में कब्रों के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर शुक्रवार शाम जलालपुर नगर में कैंडल मार्च निकाला गया। बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें हिस्सा लेकर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी आवाज बुलंद की।
कैंडल मार्च शाम करीब सात बजे जाफराबाद बड़ी मस्जिद से शुरू होकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए सराय चौक, डॉ. सुरेश यादव चौराहा, थाना परिसर के सामने और यादव चौराहे होते हुए रौजा कासिम पहुंचा। इस दौरान हाथों में मोमबत्तियां लिए लोग नारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।
रौजा कासिम पहुंचकर कैंडल मार्च एक बड़े जलसे में तब्दील हो गया। जलसे में मौजूद उलमाओं ने अपने संबोधन में जन्नतुल बकी में ध्वस्त की गई कब्रों के पुनर्निर्माण की मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि यह पवित्र स्थल मुस्लिम समुदाय की आस्था का केंद्र है और इसका पुनर्निर्माण कराया जाना चाहिए।
मौलाना मीशम रजा जाहदी, मौलाना रमजान अली साबरी, मौलाना जाफर रजा जौहरी, मौलाना हैदर मेहंदी, मौलाना कर्रार हुसैन तुराबी, मौलाना जैगम अब्बास बाकरी और मौलाना सुहैल अब्बास ने भारत सरकार से अपील की कि वह इस मुद्दे पर सऊदी हुकूमत से वार्ता कर पवित्र स्थलों के पुनर्निर्माण की दिशा में पहल करे। कार्यक्रम में बतूल एकेडमी के जायल हुसैन, इनाम हुसैन जाफरी, एहसान रजा मीशम, अदनान अब्बास, अली हैदर काजिम रजा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाल अजय प्रताप यादव पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।