Ayodhya/Ambedkar Nagarअयोध्या जिले में कैंसर का इलाज होगा आसान, मेडिकल कॉलेज में बुधवार से शुरू होगी ओपीडी By amit_ayodhyasamachar - September 9, 2025 0 FacebookTwitterWhatsApp अयोध्या। अब कैंसर पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए दूसरे बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज, दर्शननगर में बुधवार से कैंसर ओपीडी की शुरुआत हो रही है। चिकित्सा सुविधा के क्षेत्र में यह उपलब्धि जिले के साथ–साथ आसपास के जिलों के मरीजों के लिए भी बड़ी राहत साबित होगी। अब तक कैंसर के रोगियों को लखनऊ, गोरखपुर या अन्य बड़े शहरों में इलाज के लिए जाना पड़ता था। स्थानीय लोगों की लंबे समय से यह मांग थी कि मेडिकल कॉलेज में कैंसर के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा ने बताया कि कैंसर विभाग की शुरूआत कर दिया गया है और बुधवार से ओपीडी संचालन शुरू होगा। फिलहाल मरीजों को कीमोथेरेपी के जरिए उपचार मिलेगा। साथ ही पैथोलॉजी विभाग में बायोप्सी और एफएनएसी जांच, बायोकेमिस्ट्री विभाग में ट्यूमर मार्कर की जांच और विभिन्न विभागों में सर्जरी की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। डॉ. वर्मा ने बताया कि कैंसर के पूर्ण उपचार के लिए कीमोथेरेपी के साथ रेडियोथेरेपी की आवश्यकता होती है। कॉलेज जल्द ही शासन को रेडियोथेरेपी मशीन की खरीद का प्रस्ताव भेजेगा। इसके उपलब्ध होते ही कैंसर रोगियों को यहां समस्त उपचार मिल सकेगा और बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी। मेडिकल कॉलेज के कैंसर विभागाध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र कुमार सचान को इस क्षेत्र में करीब 12 वर्षों का अनुभव है। वह आगरा मेडिकल कॉलेज, केजीएमयू लखनऊ, ग्वालियर और शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। डॉ. सचान अब तक 10 हजार से अधिक कैंसर मरीजों का उपचार कर चुके हैं। उनके निर्देशन में अब अयोध्या मेडिकल कॉलेज में ओपीडी का संचालन होगा, जिसमें सभी प्रकार के कैंसर रोगियों की पहचान और उपचार किया जाएगा।