जलालपुर, अंबेडकर नगर। कटका थाना क्षेत्र के अमोल बुजुर्ग गांव के पास बुधवार शाम सड़क दुर्घटना में रोडवेज के संविदा चालक की मौत हो गई। गांव के निकट टहलने निकले चालक को तेज रफ्तार अज्ञात ई-रिक्शा ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भियांव ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय उदयराज मिश्रा के 48 वर्षीय पुत्र देवेंद्र कुमार मिश्रा रोडवेज में संविदा चालक के पद पर कार्यरत थे। वह आजमगढ़ से दिल्ली के आनंद विहार मार्ग पर बस चलाते थे। तीन दिन पूर्व ही छुट्टी लेकर घर आए थे। बुधवार शाम वह गोविंद साहब मोड़ के पास अमोला बुजुर्ग गांव को जोड़ने वाली लिंक रोड पर टहल रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे सफेद रंग के तेज रफ्तार अज्ञात ई-रिक्शा ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भियांव पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। देवेंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के दो बेटे हैं। घटना से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलने पर कटका पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष अक्षय पटेल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।