Wednesday, July 22, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरअवैध निर्माण पर चला बुलडोज़र, भाजपाइयों के विरोध के चलते रोकी गई...

अवैध निर्माण पर चला बुलडोज़र, भाजपाइयों के विरोध के चलते रोकी गई कार्रवाई


जलालपुर अम्बेडकर नगर। बसखारी मार्ग स्थित पुल के समीप सड़क पुख्ता की भूमि पर हुए अवैध निर्माण को प्रशासन ने सख्ती से हटवाया। उप जिलाधिकारी राहुल गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व, नगर पालिका व लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से यह कार्रवाई की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घसियारी टोला निवासी कमलेश वर्मा ने सड़क पुख्ता की जमीन पर अवैध रूप से निर्माण कार्य किया था, जिसकी शिकायत विपक्षी कृष्ण गोपाल कसौधन द्वारा उप जिलाधिकारी से की गई थी। शिकायत के बाद राजस्व विभाग द्वारा भूमि की पैमाइश कराई गई, जिसमें अतिक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद नगर पालिका एवं लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के आधार पर उपजिलाधिकारी ने नोटिस जारी कर निर्माणकर्ता को अवैध निर्माण हटाने का निर्देश दिया था।

निर्देश के क्रम में निर्माणकर्ता द्वारा दूसरे तल के निर्माण को पहले ही गिरा दिया गया था, लेकिन पहली मंजिल की छत को नहीं हटाया गया था। मंगलवार को प्रशासन ने जेसीबी मशीन से उक्त निर्माण को ध्वस्त कराया। इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रण में रखते हुए विरोध कर रहे लोगों को तितर-बितर कर दिया।

कार्रवाई के दौरान उप जिलाधिकारी राहुल गुप्ता, तहसीलदार गरिमा भार्गव, पी डब्ल्यू डी के सहायक अभियंता जयशंकर चौबे, अवर अभियंता अमितेश कुमार, कोतवाल संतोष कुमार सिंह सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।


भाजपा नेताओं ने किया हस्तक्षेप


कार्रवाई के दौरान भाजपा जिला मंत्री पंकज वर्मा और भाजपा नेता विशाल त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों से तीखी नोकझोंक हुई। भाजपा नेताओं के हस्तक्षेप के चलते कार्रवाई कुछ देर के लिए रोक दी गई। इसके बाद तहसील प्रशासन ने 10 जुलाई तक पुनः भूमि पैमाइश का आश्वासन देते हुए कहा कि यदि मकान अतिक्रमण की सीमा में पाया जाता है, तो आगे की कार्रवाई दोबारा की जाएगी।

उप जिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने स्पष्ट किया कि सड़क पुख्ता की जमीन पर कमलेश वर्मा द्वारा किया गया अतिक्रमण पूरी तरह अवैध था, जिसे नियमानुसार हटाया गया है। कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments