आलापुर, अंबेडकर नगर। शाहपुर औरांव नहर में बुधवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान ख्वाजेबड़ापुर गांव निवासी राम केदार के पुत्र उमेश (40) के रूप में हुई। वह मंगलवार सुबह घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की थी। बुधवार सुबह नहर में शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
नहर में शव मिलने की जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर आलापुर थाना प्रभारी वीरेंद्र बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना प्रभारी वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया निरीक्षण में किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रारंभिक तौर पर नहर में डूबने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।