अयोध्या। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत आलेख्य निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 06 जनवरी 2026 को किया गया था। रविवार को जनपद में विशेष अभियान चलाया गया।
विशेष अभियान दिवस पर जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहे। उन्होंने आलेख्य निर्वाचक नामावली, अनुपस्थित/शिफ्टेड/मृतक/डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची तथा तार्किक विसंगतियों की सूची के साथ कार्यवाही की। फार्म-6 (घोषणा पत्र सहित), फार्म-6 ए, फार्म-7 एवं फार्म-8 प्राप्त कर आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने अपने-अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के सभी मतदेय स्थलों का भ्रमण कर निरीक्षण किया तथा बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित की। कार्यों की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने 275-अयोध्या विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत एम०एल०एम० इंटर कॉलेज (मतदेय स्थल संख्या 43, 44, 45, 46, 47), साहबदीन सीताराम बालिका इंटर कॉलेज (मतदेय स्थल संख्या 136 से 141), बापू बालिका इंटर कॉलेज (मतदेय स्थल संख्या 120 से 125) तथा श्याम सुंदर सरस्वती इंटर कॉलेज (मतदेय स्थल संख्या 126, 129, 142 से 147) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित बीएलओ बूथों पर उपस्थित पाए गए।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी निखिल टी. फुडे ने बताया कि तार्किक विसंगति वाले मतदाताओं के सत्यापन हेतु बीएलओ घर-घर जाकर नोटिस वितरित करेंगे। आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर उन्हें बीएलओ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा। सुनवाई प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद किसी मतदाता को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अभियान का लाभ उठाकर निर्वाचक नामावली में अपने नाम की जांच कर आवश्यक प्रपत्र समय से जमा करें।