Friday, March 6, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यासाकेत बुद्ध विहार को अधिग्रहण से मुक्त करने की मांग, भाकियू का...

साकेत बुद्ध विहार को अधिग्रहण से मुक्त करने की मांग, भाकियू का प्रदर्शन


◆ तिकोनिया पार्क से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च, मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा


अयोध्या। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के जिलाध्यक्ष अरविंद यादव के नेतृत्व में पदाधिकारियों और किसानों ने ग्राम मांझा बरहटा स्थित साकेत बुद्ध विहार को अधिग्रहण/नोटिस की कार्रवाई से मुक्त करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सदर तहसील के तिकोनिया पार्क पर धरना-प्रदर्शन करने के बाद पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया।

ज्ञापन में कहा गया है कि मांझा बरहटा स्थित साकेत बुद्ध विहार वर्षों से धार्मिक आस्था का केंद्र रहा है, जहां स्थानीय ग्रामवासी और श्रद्धालु नियमित रूप से पूजा-पाठ व धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करते हैं। हाल ही में थाईलैंड से आए 114 बौद्ध भिक्षुओं द्वारा यहां पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन संपन्न किए जाने का उल्लेख करते हुए संगठन ने इसकी धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता रेखांकित की।

जिलाध्यक्ष अरविंद यादव ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद द्वारा बार-बार नोटिस जारी किए जाने से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं और क्षेत्र में असंतोष की स्थिति बन रही है। संगठन की मांग है कि बुद्ध विहार को अधिग्रहण की प्रक्रिया से बाहर रखा जाए तथा धार्मिक स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। प्रदर्शन में संगठन के प्रदेश, जिला व ब्लॉक पदाधिकारियों सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments