मालीपुर, अंबेडकर नगर। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को किसानों एवं ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने उपजिलाधिकारी पर समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई और तहसीलदार को 15 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर धरना शुरू कर दिया।
तहसील अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। किसानों का आरोप था कि उपजिलाधिकारी राहुल कुमार गुप्ता द्वारा किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान किसान नेता उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपना चाहते थे, लेकिन आरोप है कि एसडीएम ज्ञापन लिए बिना ही चले गए। इससे नाराज किसानों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए तहसील परिसर में धरना शुरू कर दिया।
भाकियू द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में ग्राम सभा शिवपाल की गाटा संख्या 1089 के अभिलेखों में कथित त्रुटि को ठीक कराने, सामान्य आबादी की भूमि पर जारी घरौनी की जांच कराने तथा ग्राम सभा सेहरी में भूमि पर निर्माण कार्य में आ रही बाधा को दूर कराने की मांग की गई है।
इसके अलावा निजी खाद दुकानों पर यूरिया के साथ अन्य उत्पादों की अनिवार्य बिक्री पर रोक लगाने, ग्राम सभा गौराकमाल में मकान के ऊपर से गुजर रही एलटी विद्युत लाइन को हटाने तथा सभी ग्राम सभाओं में जल निकासी एवं पेयजल आपूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।
किसानों ने जलालपुर नगर क्षेत्र में तमसा नदी के किनारे हो रहे अतिक्रमण को हटाने, नीलगाय एवं अन्य आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा अम्बरपुर बाजार के निकट गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे से जुड़े संपर्क मार्ग को पुनः चालू कराने की मांग की।
ज्ञापन में पुश्तैनी भूमि पर कथित कब्जे के मामलों के निस्तारण, अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत कराए गए कार्यों की जांच, भूमि विवादों के समाधान तथा विद्युत विभाग द्वारा बिना लिखित सूचना लगाए जा रहे अर्थदंड पर रोक लगाने की मांग भी शामिल रही। किसानों ने यह भी कहा कि अपने खेत से मकान निर्माण के लिए मिट्टी ले जाने वाले किसानों को खनन विभाग द्वारा अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
धरने को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पांच दिनों के भीतर ज्ञापन में उठाई गई समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन महापंचायत आयोजित कर व्यापक आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी।
प्रदर्शन एवं धरने के दौरान वृजेश यादव, कृष्णा सिंह, मकरध्वज सिंह, रामपलट, रामबहाल, लाशाराम कन्नौजिया, सुनीता देवी, शांति देवी, अच्छेलाल सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।