◆ 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों की बैठक संपन्न
अयोध्या। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। 22 जुलाई को जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय पर पदाधिकारियों की बैठक हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी मिथिलेश त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ संगठन है। बूथ अध्यक्ष संगठन की रीढ़ हैं और उनकी सक्रियता से ही चुनावी सफलता सुनिश्चित होती है। जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने कहा कि पार्टी प्रत्येक बूथ पर संगठन को मजबूत बनाने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है। बूथ अध्यक्ष सम्मेलन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और आगामी चुनाव की रणनीति को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा।
पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बूथ अध्यक्षों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क अभियान तेज करने, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने तथा मतदाताओं से निरंतर संवाद बनाए रखने का आह्वान किया।
जिला मीडिया प्रभारी सुशील मिश्रा ने बताया कि सम्मेलन में बूथ सशक्तिकरण, सदस्यता अभियान, लाभार्थी संपर्क, मतदाता संवाद तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होगी। बैठक में जिला महामंत्री एवं अभियान संयोजक राघवेंद्र पाण्डेय, अखंड सिंह डिम्पल, कृष्ण कुमार पांडेय, ऋषिकेश वर्मा, सरोज मिश्रा, राममोहन भारती, लालचंद चौरसिया, सरजू दूबे सहित मंडल अध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी मौजूद रहे।