अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी ने बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने के लिए व्यापक संपर्क एवं संवाद अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत प्रदेश से लेकर महानगर स्तर तक के पदाधिकारी सितंबर माह के प्रथम सप्ताह से मंडलों और शक्ति केंद्रों में रात्रि प्रवास करेंगे। प्रवास के दौरान स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद के साथ संगठन की गतिविधियों की जमीनी स्थिति की समीक्षा की जाएगी। जिसकी तैयारियों को लेकर पार्टी कार्यालय सहादतगंज में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि प्रवासी पदाधिकारी बूथ पर निवास करने वाले भाजपा के प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्यों की सूची की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही बूथ क्षेत्र के मठ-मंदिरों का विवरण जुटाने, सोशल मीडिया पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने तथा प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा होगी। भाजपा के संभावित मतदाताओं को चिन्हित कर उनकी सूची तैयार करने और उसका अन्य पदाधिकारियों के साथ आंकलन करने की जिम्मेदारी भी कार्यकर्ताओं को दी जाएगी।
प्रवास के दौरान 2017 और 2022 के विधानसभा तथा 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में बूथवार भाजपा के प्रदर्शन और वर्तमान स्थिति का तुलनात्मक ब्योरा भी तैयार किया जाएगा। इसके जरिए प्रत्येक बूथ पर पार्टी की स्थिति, मत प्रतिशत और संगठन की सक्रियता का आंकलन किया जाएगा।
महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि बूथ संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। रात्रि प्रवास के माध्यम से पदाधिकारी सीधे कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर संगठन की वास्तविक स्थिति को समझेंगे। उन्होंने कहा कि प्रवास के दौरान तय किए गए संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी और कमजोर बूथों को मजबूत करने के लिए आवश्यक रणनीति तैयार की जाएगी।
बैठक में महामंत्री शैलेन्द्र कोरी, अरविंद सिंह, शशि प्रताप सिंह, हरभजन गौड, बाल कष्ण वैश्य, शिवम् शुक्ला, प्रवीण दुबे, विपिन सिंह बब्लू, स्वाती सिंह, मंडल अध्यक्ष रवि सोनकर, हेमंत जायसवाल, कपिल देव वर्मा, मुकेश तिवारी, अमित मिश्र, जेपी श्रीवास्तव, ओमिश अग्रहरि, शुभम् श्रीवास्तव, दिनेश कन्नौजिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।