अम्बेडकर नगर। अहिरौली थाना क्षेत्र के पियारेपुर के पास शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। बीमार सास का हालचाल लेने जा रहे दंपती और उनके 10 वर्षीय बेटे की बाइक सड़क किनारे खड़ी डीसीएम से टकरा गई। हादसे में पति की मौके पर मौत हो गई, जबकि पत्नी और बेटे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, अयोध्या जनपद के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के गोहनिया बंदनपुर निवासी सुरेंद्र (36) पुत्र जियाराम अपनी पत्नी सरिता (34) और 10 वर्षीय पुत्र सत्यम के साथ बाइक से अकबरपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती अपनी बीमार सास को देखने जा रहे थे। रास्ते में अहिरौली थाना क्षेत्र के पियारेपुर के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी डीसीएम से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुरेंद्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सरिता और सत्यम को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज, सदरपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान पहले सरिता और बाद में मासूम सत्यम ने भी दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही अहिरौली थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना अपनी सरकारी गाड़ी से दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया, ताकि उन्हें शीघ्र उपचार मिल सके।
पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।