Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर पुलिस और एसओजी की बड़ी कार्रवाई, 80 किलो गांजा के साथ तीन...

पुलिस और एसओजी की बड़ी कार्रवाई, 80 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

0

अम्बेडकर नगर। जनपद की जहाँगीरगंज पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ मिलकर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने शुक्रवार को एक कार से 80 किलो 300 ग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तस्कर एक स्विफ्ट डिजायर कार में गांजा लेकर तिलकटांडा के पास सौदेबाजी के इरादे से खड़े हैं। सूचना पर सक्रिय हुई संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार सवार दो आरोपियों रणविजय राजभर और रामप्रवेश राजभर , दोनों निवासी जनपद आजमगढ़, को मौके से दबोच लिया। पूछताछ में उन्होंने खुलासा किया कि गांजा उड़ीसा से लाया गया था और इसे सावन में स्थानीय स्तर पर खपाने की योजना थी।

पुलिस ने गाड़ी की तलाशी में 33 बंडलों में रखे कुल 80.300 किलोग्राम गांजा के अलावा एक मोबाइल फोन, कार में छिपा गोपनीय लाकर, दो चाभियां और 3010 रुपए नकद बरामद किया। इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर तीसरे तस्कर अशोक यादव को भी एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

इस सनसनीखेज मामले में थाना जहाँगीरगंज में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में जहाँगीरगंज थानाध्यक्ष अजय प्रताप सिंह, एसओजी प्रभारी विनोद यादव, सर्विलांस प्रभारी प्रभाकान्त तिवारी सहित कुल 19 पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम ने तत्परता और साहस के साथ तस्करों को धर दबोचा। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए इसे नशे के खिलाफ लड़ाई में अहम सफलता बताया है।

जनपद में लगातार हो रही नशा तस्करी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस की यह कार्रवाई बेहद अहम मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के सौदागरों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version