Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या गुप्तार पार्क का सौंदर्यीकरण कार्य तेज, कृत्रिम झील समेत कई सुविधाएं विकसित...

गुप्तार पार्क का सौंदर्यीकरण कार्य तेज, कृत्रिम झील समेत कई सुविधाएं विकसित की जा रहीं

0

अयोध्या। सरयू तट स्थित गुप्तार घाट के पास बने गुप्तार पार्क में सौंदर्यीकरण और विकास कार्य तेजी से चल रहा है। राजकीय उद्यान विभाग की देखरेख में करीब 842.26 लाख रुपये की लागत से पार्क का पुनर्विकास किया जा रहा है। निर्माण कार्य राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है और परियोजना मई तक पूरी होने की संभावना है।

परियोजना के तहत पार्क क्षेत्र में कृत्रिम झील, हरित लैंडस्केपिंग, पाथवे, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। झील को इस परियोजना का मुख्य आकर्षण माना जा रहा है, जिससे यहां आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बैठने, टहलने और योग-ध्यान जैसी गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण मिल सकेगा।

निर्माण कार्यों में बाउंड्री वॉल, पाथवे और भवनों की फिनिशिंग शामिल है। कार्यालय, गार्ड रूम, टिकट काउंटर, मीटर रूम और शौचालयों का निर्माण अंतिम चरण में है। गजिबो और योगा शेड की पेंटिंग, लैंडस्केपिंग और विद्युतीकरण का काम भी प्रगति पर है। झील के आरसीसी वॉल और ब्रिज का निर्माण जारी है, जबकि फाउंटेन और कैंटीन की मरम्मत की जा रही है। हाईमास्ट लाइट और अन्य प्रकाश व्यवस्था के लिए स्थान चिन्हित कर लिए गए हैं।

गुप्तार घाट धार्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है। यहां स्थित मंदिर और घाट क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। अधिकारियों का कहना है कि परियोजना पूरी होने के बाद पार्क में आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और क्षेत्र का समग्र स्वरूप अधिक व्यवस्थित व आकर्षक दिखाई देगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version