जलालपुर, अम्बेडकर नगर। कोतवाली जलालपुर क्षेत्र के रुकुनपुर कासिमपुर स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा में चेक बाउंस होने को लेकर हुए विवाद में एक मनबढ़ युवक ने शाखा के सहायक प्रबंधक की पिटाई कर दी। घटना में सहायक प्रबंधक को चोटें आईं। शिकायत के बाद पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण कराते हुए एक नामजद समेत दो आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना बुधवार की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक रुकुनपुर कासिमपुर शाखा में विक्की यादव अपने एक अन्य साथी के साथ पहुंचा था। बताया जाता है कि चेक बाउंस होने को लेकर वह बैंक कर्मचारियों से कहासुनी करने लगा। इसी दौरान शाखा के सहायक प्रबंधक विवेक त्रिपाठी ने मामले को शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इससे नाराज विक्की यादव ने सहायक प्रबंधक के साथ मारपीट कर दी, जिससे उन्हें चोटें आईं। घटना के बाद बैंक कर्मचारियों के साथ ही आसपास की अन्य बैंक शाखाओं के कर्मचारी भी पीड़ित सहायक प्रबंधक के साथ कोतवाली जलालपुर पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध मारपीट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।