Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर बीएड प्रवेश परीक्षा आज, नकलविहीन कराने को प्रशासन सख्त

बीएड प्रवेश परीक्षा आज, नकलविहीन कराने को प्रशासन सख्त

0

अम्बेडकरनगर। आगामी 31 मई को आयोजित होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से सम्पन्न कराने की रणनीति तय की गई।
जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें।
उन्होंने बताया कि जनपद में बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 10,902 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी।
अभ्यर्थियों को पहली पाली में सुबह आठ बजे से साढ़े नौ बजे तक तथा दूसरी पाली में दोपहर एक बजे से ढाई बजे तक ही प्रवेश मिलेगा। इसके बाद किसी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल, कैलकुलेटर समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
जिलाधिकारी ने महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला अभ्यर्थियों की तलाशी के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर मेडिकल टीम और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि प्रश्नपत्र समय से केंद्रों तक पहुंचें और सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से संचालित रहें। सभी अधिकारियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में एडीएम (एफ/आर), प्रशिक्षु आईएएस थनीगईयरसन टी., अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी हरेंद्र कुमार, जनपद समन्वयक प्रो. शुचिता पाण्डेय, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि डॉ. सुनील प्रजापति समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version