◆ चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह में हुईं सम्मानित
अयोध्या। चिकित्सा के क्षेत्र में अभिनव एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए अयोध्या की आयुर्वेद गाइनेकोलॉजिस्ट डॉ. समीक्षा को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय ‘गांधी सेवा रत्न’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राजस्थान के सूरजगढ़ स्थित रानी बाग पैलेस में आयोजित राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह में पूर्व पुलिस महानिदेशक, राजस्थान सरकार रवि प्रकाश मेहरड़ा ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
समारोह में मुख्य अतिथि रवि प्रकाश मेहरड़ा ने कहा कि चिकित्सक धरती पर ईश्वर के प्रत्यक्ष रूप हैं, जो मानवता की सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित करते हैं। विशिष्ट अतिथि एवं राजस्थान सरकार के पूर्व संयुक्त सचिव इंद्र राज सिंह ने शिक्षा, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण एवं विकास के लिए एएसएस इंडिया की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. समीक्षा ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली, बढ़ता तनाव और असंतुलित खान-पान आज समाज में बांझपन की बढ़ती समस्या के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन्फर्टिलिटी केवल शारीरिक समस्या नहीं, बल्कि दंपत्तियों के मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को भी प्रभावित करती है। डॉ. समीक्षा ने बताया कि आयुर्वेद एवं प्राकृतिक जीवनशैली के माध्यम से उन्होंने संतान सुख से वंचित सैकड़ों दंपत्तियों को मातृत्व का सुख प्राप्त करने में मदद की है।
डॉ. समीक्षा विश्व आयुर्वेद परिषद, अयोध्या की महिला प्रकोष्ठ प्रभारी भी हैं। समारोह में राजस्थान के पारंपरिक लोकनृत्यों समेत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर डॉ. स्वामी चरण, डॉ. तेज सिंह राठौड़, निकिता थालोर, साहित्यकार अब्दुल समद राही और विश्व आयुर्वेद परिषद अयोध्या के सचिव डॉ. विवेक श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मंच संचालन मनजीत सिंह तंवर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन धर्मपाल सिंह गांधी ने किया।