Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या अयोध्या के विकास को मिल रहा नया आयाम, रामनगरी के प्रति दुनिया...

अयोध्या के विकास को मिल रहा नया आयाम, रामनगरी के प्रति दुनिया में बढ़ा आकर्षण: कंगना रनौत

0

◆ ज्वेलरी स्टोर का उद्घाटन करने पहुंचीं भाजपा सांसद, रामकथा से प्रेरित आभूषणों को बताया भारतीय परंपरा का प्रतीक


अयोध्या। फिल्म अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने रविवार को रिकाबगंज महिला थाना के बगल स्थित एक ज्वेलरी स्टोर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने अयोध्या में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप रामनगरी का विकास तेजी से आगे बढ़ रहा है। यहां आधुनिक सुविधाओं, बेहतर सड़कों और एयरपोर्ट जैसी बुनियादी संरचनाओं का विस्तार हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भी अयोध्या को निरंतर विकास की सौगात मिल रही है।

अपने संबोधन की शुरुआत जय श्रीराम के उद्घोष से करते हुए कंगना रनौत ने अयोध्या की धार्मिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रामनगरी के दर्शन का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। राममंदिर के निर्माण के बाद अयोध्या विश्वभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बनकर उभरी है। दुनिया भर के लोगों की इच्छा रामनगरी आने और प्रभु श्रीराम के दर्शन करने की रहती है।

आभूषणों के महत्व पर बात करते हुए कंगना ने कहा कि भारतीय समाज में गहने महज सजने-संवरने या निवेश का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनका गहरा सांस्कृतिक और भावनात्मक जुड़ाव है। आभूषण परंपराओं, शुभता और पारिवारिक भावनाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं। इन्हें उपहार के रूप में देना प्रेम और स्मृतियों को सहेजने का भी एक माध्यम है। उन्होंने बताया कि उन्होंने रामकथा से प्रेरित आभूषण धारण किए हैं।

कार्यक्रम में अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अपनी पौराणिक पहचान के लिए विख्यात अयोध्या आज एक विश्वस्तरीय नगरी के रूप में विकसित हो रही है। राममंदिर के कारण इसकी धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतिष्ठा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है।

कंगना रनौत के आगमन की सूचना पर कार्यक्रम स्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही। प्रशंसक उनकी एक झलक पाने के लिए उत्सुक दिखाई दिए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version