अयोध्या/वाराणसी। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अयोध्या जिले का नाम रोशन हुआ है। वाराणसी के एक स्थानीय होटल गंगा में आयोजित सोलर कॉन्ट्रैक्टर मीट–2026 में अयोध्या मंडल में सर्वाधिक सोलर प्लांट स्थापित करने और उच्च गुणवत्ता के कार्य के लिए सोलेक्सा सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड को उत्कृष्ट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर जितेंद्र मणि द्विवेदी को प्रदान किया गया।
सुल्तानपुर जनपद के ग्राम सभा कैभा, तहसील लंभुआ निवासी जितेंद्र मणि द्विवेदी ने सोलेक्सा सर्विसेज प्रा. लि. की स्थापना की थी। वह राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी (पूर्व वरिष्ठ सहायक, सिविल कोर्ट) के पुत्र हैं। सोलेक्सा आज अयोध्या मंडल सहित उत्तर प्रदेश की प्रतिष्ठित सोलर कंपनियों में शुमार है और राज्य के कई जिलों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। कंपनी की विभिन्न जनपदों में शाखाएं संचालित हैं और इसका मुख्य उद्देश्य हर घर सोलर अभियान को सफल बनाना है।
जितेंद्र मणि द्विवेदी ने इस उपलब्धि का श्रेय अपनी पूरी टीम की मेहनत, सहयोग तथा माता-पिता के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अधिक से अधिक घरों तक सौर ऊर्जा पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
सोलर कॉन्ट्रैक्टर मीट–2026 का उद्देश्य वाराणसी शहर को तेजी से सौर ऊर्जा से आच्छादित करने की रणनीति पर विचार करना रहा। कार्यक्रम में देशभर की 100 से अधिक सोलर कंपनियों ने प्रतिभाग किया। आयोजन फर्स्ट व्यू ग्रुप द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यूपीनेडा के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी शशि कुमार गुप्ता रहे। इसके अलावा बड़ौदा के क्षेत्रीय प्रबंधक, लीड बैंक मैनेजर, सेवा के अध्यक्ष पराग मिश्रा, सचिव उषा पति त्रिपाठी सहित कई प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।