◆ रामनगरी में उमड़ेगी श्रद्धा की गंगा, लाखों श्रद्धालु करेंगे परिक्रमा
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या एक बार फिर भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगने को तैयार है। आगामी पंचकोसी परिक्रमा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार भोर से शुरू होकर यह परिक्रमा रविवार तक चलेगी। पंचकोसी परिक्रमा का शुभ मुहूर्त 1 नवम्बर की सुबह 4:02 बजे से प्रारंभ होकर रात 2:57 बजे तक रहेगा। यह परिक्रमा लगभग 15 किलोमीटर की परिधि में फैली अयोध्या की पवित्र सीमाओं का प्रतीक मानी जाती है।
श्रद्धालु परिक्रमा मार्ग पर राम जन्मभूमि, हनुमानगढ़ी, कनक भवन, हनुमान गुफा, राम की पैड़ी और सरयू तट जैसे पवित्र स्थलों का दर्शन करेंगे। देर रात तक श्रद्धालुओं का आगमन जारी है, जिससे शहर के होटल, धर्मशालाएं और घाट क्षेत्र श्रद्धा से सराबोर हो चुके हैं।
14 कोसी परिक्रमा के बाद अब पंचकोसी परिक्रमा को लेकर भी श्रद्धालुओं में गहरा उत्साह है। इस बार लाखों भक्तों के भाग लेने की संभावना है।
प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। करीब दो हजार पुलिसकर्मी, पीएसी व एटीएस टीमें परिक्रमा मार्ग पर तैनात की गई हैं। सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। मार्ग पर लाइटिंग, पेयजल, मोबाइल शौचालय, फायर ब्रिगेड और मेडिकल कैंप की व्यवस्था की गई है।
मंडलायुक्त राजेश कुमार, आईजी प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने शुक्रवार को परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्लास्टिक का उपयोग न करें और परिक्रमा मार्ग को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग दें। रामनगरी के पवित्र मार्गों पर श्रद्धा और आस्था का संगम देखने को मिलेगा, जहां जय श्रीराम के जयकारों से पूरा वातावरण गूंजेगा।