अयोध्या। जिले को अपराध मुक्त बनाने के अभियान के तहत अयोध्या पुलिस ने सक्रिय अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव ग्रोवर ने बताया कि पिछले करीब पांच माह के भीतर 94 सक्रिय अपराधियों की नई हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इसके साथ ही जिले में कुल हिस्ट्रीशीटरों की संख्या बढ़कर 1423 हो गई है।
एसएसपी के अनुसार इन हिस्ट्रीशीटरों पर हत्या, लूट, जानलेवा हमला, दुष्कर्म, चोरी, डकैती समेत अन्य गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस द्वारा ऐसे अपराधियों की लगातार निगरानी की जा रही है और उनकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
थानावार आंकड़ों के मुताबिक इनायतनगर क्षेत्र में सर्वाधिक 136 हिस्ट्रीशीटर दर्ज हैं। इसके अलावा कोतवाली नगर में 118, रौनाही में 115, कोतवाली बीकापुर में 97, पूराकलंदर में 93, रुदौली में 92, तारुन में 89, कैंट व कोतवाली अयोध्या में 86-86, महाराजगंज में 82, हैदरगंज में 71, गोसाईगंज में 62, कुमारगंज व खंडासा में 62-62, बाबा बाजार व पटरंगा में 59-59, मवई में 42 तथा राम जन्मभूमि थाने में 12 हिस्ट्रीशीटर दर्ज हैं।
एसएसपी ने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।