अंबेडकर नगर। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के निर्देशों के क्रम में महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, सद्दरपुर में गुरुवार को मानसिक स्वास्थ्य एवं वेलबीइंग जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें अवसाद से उबरने और सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मानसिक विशेषज्ञ डॉ. अमित कुमार गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में मानसिक तनाव और नकारात्मक विचारों की समस्या तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आत्महत्या जैसी गंभीर प्रवृत्तियों को रोकने के लिए सही मार्गदर्शन और संवाद अहम भूमिका निभाते हैं।
विशेषज्ञ डॉ. पारुल यादव ने भी विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी और आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों से परामर्श व काउंसलिंग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सुंदरलाल रामा नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों की भी सहभागिता रही। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपनी भावनाएं साझा कीं और अपनी समस्याओं से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका समाधान विशेषज्ञों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमित कुमार गुप्ता ने किया। इस अवसर पर नर्सिंग ऑफिसर व लिपिक वर्ग से अरविंद त्रिपाठी, प्रशांत कुमार सिंह, अभिषेक कुमार, नर्सिंग संवर्ग से सीमा, सोनमती, नीलम देवी, आभा दीक्षित, सुमन शर्मा, काउंसलर विनोद कनौजिया, स्टाफ नर्स अनुराग त्रिपाठी, डाटा मैनेजर स्वीटी शर्मा तथा आउटसोर्स कर्मचारी चंचल और सुरेश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।