अम्बेडकर नगर। कोतवाली गेट से चंद कदम की दूरी पर मंगलवार को दिनदहाड़े ज्वैलर्स की दुकान पर लूट के प्रयास ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। दुस्साहस इतना कि आरोपी ने पुलिस की मौजूदगी वाले इलाके में ही वारदात को अंजाम देने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता से उसकी योजना धरी की धरी रह गई।
टांडा नगर के मीरानपुरा स्थित स्टेट बैंक के पास संचालित अखिलेश ज्वैलर्स की दुकान पर एक युवक ग्राहक बनकर पहुंचा। कुछ ही देर में उसने नकली असलहा निकालकर दुकानदार को धमकाया और जेवरात लूटने का प्रयास किया। अचानक हुई इस घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के दुकानदार व राहगीर सहम गए।
इसी बीच शोर मचते ही स्थानीय लोग हरकत में आए और भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उसे दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। भीड़ की तत्परता से एक बड़ी वारदात टल गई।
पीड़ित दुकानदार ने मामले में तहरीर दे दी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे की मंशा व संभावित साथियों की तलाश में जुटी है।
घटना को लेकर लोगों में रोष भी देखा गया। उनका कहना है कि जब कोतवाली के इतने नजदीक इस तरह की घटना हो सकती है, तो बाकी क्षेत्रों की सुरक्षा का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल जरूर खोल दी है।