जलालपुर, अंबेडकर नगर। नगर क्षेत्र में भूमि विवादों और कथित अवैध कब्जों के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला बड़े पुल के पास स्थित एक भूमि से जुड़ा है, जहां खाताधारक ने कुछ लोगों पर उसकी गैरमौजूदगी में पैमाइश कराकर जमीन पर कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाया है।
मोहल्ला पश्चिम तरफ निवासी चिरौंजी लाल माथुर पुत्र झिनकू लाल माथुर ने उपजिलाधिकारी राहुल कुमार गुप्ता को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि जलालपुर टाउन के गाटा संख्या-21 स्थित भूमि पर सात जून को कुछ लोग भारी वाहनों से मोरंग व अन्य निर्माण सामग्री गिराकर सीमेंट के पिलर लगा रहे थे। उनका आरोप है कि संबंधित लोग भूमि की खरीद-फरोख्त का कारोबार करते हैं और उनकी अनुपस्थिति में लेखपाल के साथ पैमाइश कराकर जमीन पर सीमेंट के पिलर स्थापित करा दिए गए।
शिकायतकर्ता के अनुसार रात के समय ट्राली और डंपरों से बालू-मोरंग गिराकर भूमि की भराई का कार्य भी शुरू कर दिया गया, जिससे अवैध कब्जे की आशंका और बढ़ गई है। मामले की जानकारी मिलने पर उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
चिरौंजी लाल माथुर ने एसडीएम से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, भूमि की वास्तविक स्थिति का सत्यापन कराने तथा अवैध कब्जे का प्रयास पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।
उधर, राजस्व विभाग की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल शिकायत पत्र के आधार पर प्रशासन से कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।