जलालपुर अम्बेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र के सेहरी गांव में रास्ता अवरुद्ध कर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी राहुल सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि गांव के ही दसई पुत्र विदेशी, लालचंद पुत्र सोनारिका, रेखा पत्नी लालचंद और सुनीता पत्नी दसई से उनकी पुरानी रंजिश चल रही है। इसी रंजिश के चलते रविवार को उनके भाई रजनीश उर्फ गोली, जो हरदोई से अपने घर लौट रहे थे, को रास्ते में घेर लिया गया।
राहुल सिंह के अनुसार, विपक्षी पहले से ही रास्ता अवरुद्ध कर घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही रजनीश अपने चार पहिया वाहन से वहां पहुंचे, आरोपित लाठी-डंडों व कथित अवैध हथियार के साथ गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला करने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने जबरन गाड़ी का दरवाजा खोलने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी।
किसी तरह रजनीश ने घर पहुंचकर परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद राहुल सिंह मौके पर पहुंचे और डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई, लेकिन तब तक आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
इस संबंध में थानाध्यक्ष थीरेंद्र कुमार आजाद ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।