Sunday, October 18, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याअसम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा अयोध्या पहुंचे, रामलला और हनुमानगढ़ी के...

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा अयोध्या पहुंचे, रामलला और हनुमानगढ़ी के किए दर्शन


◆ एयरपोर्ट पर ढोल–नगाड़ों के साथ हुआ स्वागत, अखिलेश यादव पर साधा निशाना


अयोध्या। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि यह दूसरा अवसर होगा, जब वह रामलला के दर्शन करेंगे। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और हनुमानगढ़ी पहुंचकर दर्शन-पूजन किया।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी की मां के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि वह शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए बस्ती जा रहे हैं। वहीं, कोलकाता में पूजा पंडाल में हुई घटना पर दुख जताते हुए उन्होंने इसे बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित लोगों के साथ खड़े हैं। सरकार की ओर से चिकित्सा सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती से जुड़े सवाल पर हिमंत बिस्वा सरमा ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव में अयोध्या से चुनाव लड़ने की ताकत नहीं है।

अयोध्या आगमन के दौरान मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। दर्शन-पूजन के बाद वह भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के परिवार से शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए बस्ती रवाना हुए। एयरपोर्ट पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, अभय सिंह, चंद्रभानु पासवान, अमित सिंह चौहान, महामंत्री शैलेंद्र कोरी और परमानंद मिश्र सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments