Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर अरविंद केजरीवाल का हमला, बोले- ‘मंदिर में...

राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर अरविंद केजरीवाल का हमला, बोले- ‘मंदिर में महाडकैती हुई, बड़े दोषियों को बचाया जा रहा’

0

अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को अयोध्या में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर में “महाडकैती” हुई है और मामले के बड़े आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।

केजरीवाल ने कहा कि भगवान राम के आभूषण, हार, पादुका, सोना-चांदी, हीरे-जवाहरात और करोड़ों-अरबों रुपये का चढ़ावा चोरी हो गया। उन्होंने कहा कि इस घटना से करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंची है और वह स्वयं आहत होकर अयोध्या दर्शन के लिए आए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों पर चोरी के आरोप हैं, कार्रवाई की जिम्मेदारी भी उन्हीं के पास है, इसलिए वे खुद को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। उनके अनुसार मामले में बनाई गई एसआईटी और दर्ज की गई एफआईआर केवल दिखावटी है। एफआईआर में सिर्फ आठ छोटे कर्मचारियों के नाम शामिल किए गए हैं, जबकि बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाया जा रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हिंदुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने दावा किया कि जनता चाहती है कि इस मामले के वास्तविक दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।

केजरीवाल ने यह भी कहा कि 26 जनवरी 2021 को सिंधी एसोसिएशन ने राम मंदिर के लिए 200 किलोग्राम चांदी दान की थी और उस समय रसीद नहीं ली थी। अब संस्था के लोग पूछ रहे हैं कि उनकी दान की गई चांदी कहां गई। उन्होंने कहा कि लोगों की भगवान राम के प्रति श्रद्धा आज भी अटूट है, लेकिन मंदिर के प्रबंधन को लेकर लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version